केजरीवाल को लगा बड़ा झटका, आप के तीन पार्षद बीजेपी में हुए शामिल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के तीन पार्षद शनिवार को बीजेपी में शामिल हो गए। आप छोड़ने वाले पार्षदों के नाम अनीता बसोया, निखिल चपराना और धर्मवीर हैं। अनीता एंड्रयूज गंज, निखिल बदरपुर और धर्मवीर आरके पुरम की नगर निगम पार्षद हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्षदों को पार्टी में शामिल करवाया। यह दिल्ली में आप की हार का साइड इफेक्ट है।

दिल्ली चुनाव को अभी ज्यादा दिन नहीं हुए हैं। ऐसा लग रहा है कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। बीजेपी आम आदमी पार्टी को एक के बाद एक झटके दे रही है। बीजेपी 27 साल बाद जीतकर दिल्ली में लौटी है। अब सीएम चेहरे को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

ऐसे में यह तय है कि दिल्ली में बीजेपी की ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी। दिल्ली विधानसभा के बाद दिल्ली नगर निगम में सत्ता परिवर्तन तय है। मार्च के अंत में होने वाले महापौर चुनाव में भाजपा का महापौर बनना तय माना जा रहा है। अब तक आम आदमी पार्टी के एक दर्जन पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। विधानसभा के बाद भाजपा दिल्ली नगर निगम में भी सरकार बना सकती है।

पांच फरवरी को मतदान से पहले ही आम आदमी पार्टी के छह विधायक बगावत कर चुके हैं। टिकट कटने से नाराज सभी विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा में शामिल होने वालों में जनकपुरी विधायक राजेश ऋषि, पालम से भावना गौड़, बिजवासन से बीएस जून, आदर्श नगर से पवन शर्मा, कस्तूरबा नगर से मदनलाल, त्रिलोकपुरी से रोहित महरौलिया शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व विधायक विजेंद्र गर्ग, निगम पार्षद अजय राय और सुनील चड्ढा का नाम भी शामिल है। सभी नेताओं ने केजरीवाल को पत्र भी लिखा था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप को करारी हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 70 सीटों में से बीजेपी ने 48 सीटें जीती हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को सिर्फ 22 सीटें मिली हैं। अब इस बात पर सस्पेंस बना हुआ है कि दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा।

News Desk

News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *